बुराड़ी में दिल्ली का 40वां अस्पताल
नई दिल्ली. शनिवार को इस बुराड़ी में दिल्ली के 40 वें अस्पताल का शिलान्यास मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर ए के वालिया भी मौजूद थे।
इस दौरान मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि सरकार लोगों के घर के नजदीक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए डिस्पेंसरियां और अस्पताल का निर्माण कर रही है। यह इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। दिल्ली मेडिकल टूरिज्म की ओर बढ़ रहा है।
हालांकि मुख्यमंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि दिल्ली पर एक तिहाई दूसरे राज्यों से आने वाले मरीजों का दबाव है। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर वालिया ने कहा कि इस अस्पताल में मल्टी स्पेशलिटीज सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिसमें ओपीडी, आईपीडी,
आपातकालीन और ऑपरेशन थियेटर की सुविधाएं के साथ-साथ मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, अनेथीसियोलॉजी, लेबोरेट्री, रेडियोलॉजी आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। 200 बेड के इस अस्पताल के निर्माण पर 208 करोड़ रुपए की लागत आएगी।








