खुफिया एजेंसियों ने दिया मैसेज : बांग्लादेश-नेपाल से आ सकता है एक बड़ा खतरा!

नई दिल्ली. हैदराबाद में आतंकी धमाकों के बाद आतंकी संगठन दिल्ली को अपना अगला निशाना बना सकते हैं। खुफिया एजेंसियों ने इस बाबत अलर्ट जारी कर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों सहित दिल्ली पुलिस को आगाह किया है।
खुफिया एजेंसियों द्वारा भेजे गए अलर्ट में प्रतिबंधित छात्र संगठन सिमी (स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया) के आतंकियों पर आतंकी वारदात को अंजाम देने की आशंका जाहिर की गई है।
खुफिया एजेंसियों ने आईजीआई एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को इस बात के लिए भी ताकीद की है कि आतंकी बांग्लादेश और नेपाल से हवाई मार्ग के जरिए दिल्ली में दाखिल हो सकते हैं। लिहाजा बांग्लादेश और नेपाल से आने व जाने वाली फ्लाइटों और उसमें सफर करने वाले मुसाफिरों पर खास नजर रखी जाए।
एयरपोर्ट सुरक्षा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी खुफिया एजेंसियों की चेतावनी के बाद नेपाल और बांग्लादेश से आने वाली सभी फ्लाइटों के सभी रजिस्टर्ड बैगेज का एक्स-रे कराया जा रहा है।
विस्फोटक इम प्लांट कर टर्मिनल में दाखिल होने वाले मुसाफिरों की पहचान के लिए प्रोफाइलिंग टीम और इंटेलीजेंस की टीम को सतर्क कर दिया गया है।
वहीं नेपाल और बांग्लादेश जानी वाले सभी फ्लाइटों में बोर्डिंग से पहले पूरे विमान की जांच शुरू कर दी गई है। विमान में प्रवेश करने वाले मुसाफिरों के लिए सेकेंडरी लैडर प्वाइंट चेकिंग करने के आदेश दे दिए गए हैं।
रजिस्टर्ड बैगेज का इन लाइन बैगेज सिस्टम की मदद से पांच स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों की मदद से एयरपोर्ट में मौजूद सभी मुसाफिरों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।








