मुंह खोला तो अंजाम बुरा होगा, इतना कहकर गन प्वाइंट पर गर्भवती महिला से करते रहे बलात्कार

नई दिल्ली। ग्रेटर नोएडा के फलायडा इलाके में एक छह माह की गर्भवती महिला के साथ दो लोगों ने बलात्कार किया है। महिला उस वक्त सो रही थी जब दो बंदूकधारियों ने घर में घुसकर उसके साथ बलात्कार किया। महिला का पति किसी निजी काम से ग्रेटर नोएडा से बाहर गया हुआ था, जबकि सास-ससुर उसी घर में थे। एक कमरे में महिला अकेले सो रही थी और दूसरे कमरे में उसके सास-ससुर थे।
रात के वक्त घर में दाखिल हुए बदमाशों ने महिला को उठाया और बंदूक की दहशत दिखाई। बंदूक की नोक पर बलात्कार करने के बाद उन्होंने कहा कि अगर मुंह खोला तो अंजाम बुरा होगा। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस अभी तक पीड़ित महिला का मेडिकल चेकअप भी नहीं करवा पाई है। ऐसे में आरोपियों को पकड़ने में कितना वक्त लगेगा, यह बड़ा सवाल है।
पीड़ित महिला इस हादसे का जिक्र अपने सास-ससुर से नहीं कर सकी और फोन कर अपने पति को सारी आपबीती सुनाई। पीड़ित का पति यह दर्दनाक खबर पाते ही ग्रेटर नोएडा वापस आया और पुलिस थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। फिलहाल अभी तक आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।








