स्वाइन फ्लू ने ली और दो जान, 59 नए मरीज

नई दिल्ली. स्वाइन फ्लू के संक्रमण की वजह से शनिवार को दो और लोगों की मौत हो गई है। दिल्ली सरकार द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार 59 नए मामले सामने आए हैं।
राजधानी में अब तक स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 17 तक पहुंच गई है, जबकि एच1एन1 संक्रमण से पीडि़त लोगों की संख्या 360 तक पहुंच गई है।
दिल्ली सरकार के नोडल अधिकारी चरणसिंह के अनुसार शनिवार को जिन दो लोगों की मौत हुई इनमें एक 83 वर्षीय बुजुर्ग है, जिसका इलाज आरएमएल अस्पताल में चल रहा था, जबकि दूसरी एक्शन बालाज अस्पताल में 52 वर्षीय एक महिला है।
एक तरफ सरकार लगातार स्वाइन फ्लू के संक्रमण को नियंत्रण में बता रही है तो दूसरी तरफ लगातार मामले में बढ़ोत्तरी जारी है। आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली ही नहीं पूरा एनसीआर इन दिनों स्वाइन फ्लू के संक्रमण की गिरफ्त में है।
बारिश ने बढ़ाई मुश्किल : डॉक्टरों का कहना है कि राजधानी में हुई बारिश ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश की वजह से तापमान में आई गिरावट एच1एन1 वायरस के फैलने के लिए अनुकूल हो गया है।
इसमें वायरस और तेजी से लोगों को अपने चपेट में ले सकता है। इसलिए, लोग इसे हल्के में लेने की भूल न करें और परहेज अपनाए रहें।
बता दें कि तापमान गिरने के बाद एच1एन1 का वायरस तेजी से फैलता है और तापमान बढऩे से इसका असर धीरे-धीरे कम होने लगता है।






