भाजपा टीम अन्ना से दूरी बनाकर रखेगी
नई दिल्ली. भ्रष्टाचार के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ सिलसिलेवार विरोध प्रदर्शन करने में जुटी टीम अन्ना से भाजपा संतुलित दूरी बनाकर रखेगी। सरकार के खिलाफ माहौल तैयार करने में टीम अन्ना की पिछलग्गू बनने की आशंका से डरी भाजपा अब हर कदम सोच-समझकर उठा रही है। इसी के तहत मूकदर्शक की भूमिका को त्यागते हुए पार्टी के बैनर तले विरोध प्रदर्शन का फैसला लिया गया है। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने दोटूक कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ पार्टी खुद लड़ाई लड़ रही है। जो भी इसमें जुड़ना चाहता है, उसका स्वागत है।
भाजपा नेताओं से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को कोर ग्रुप की बैठक में टीम अन्ना और बाबा रामदेव के आंदोलन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बातचीत में स्वीकार किया गया कि रामलीला मैदान में आंदोलन के वक्त भाजपा की छवि टीम अन्ना के पिछलग्गू की बनी। सरकार के खिलाफ माहौल में आंदोलन की बागडोर भाजपा के हाथों से देखते-देखते सरक गई थी। विपक्षी दल के रूप में भाजपा ने संसद और सड़क पर सरकार की मजबूत घेराबंदी तो की लेकिन इसका श्रेय टीम अन्ना ले गई।
सूत्रों का कहना है कि भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने बैठक में पुरानी गलतियों से बचने की नसीहत दी। प्रवक्ताओं को भी खास निर्देश दिया गया कि वे टीम अन्ना को पार्टी का सहयोग और समर्थन देने जैसे बयान से बचें। साथ ही विभिन्न मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर समेत दिल्ली में विभिन्न जगहों पर विरोध प्रदर्शन का भी फैसला लिया गया। इसके तुरंत बाद पार्टी ने शुक्रवार को अपने दो महासचिव विजय गोयल और जेपी नड्डा के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। अगस्त माह में भी भाजपा दिल्ली में करीब एक दर्जन प्रदर्शन करेगी। पार्टी महासचिव विजय गोयल ने टीम अन्ना के आंदोलन पर संतुलित बयान देते हुए कहा है कि भाजपा भ्रष्टाचार और महंगाई को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रही है। कोई अन्य भी इन्हीं मुद्दों पर प्रदर्शन करे तो उसका भी स्वागत है।






