गोपालगढ़ फायरिंग प्रकरण, जांचदल सात दिन में देगा रिपोर्ट
जयपुर. भाजपा ने गोपालगढ़ में हुए दंगे और फायरिंग प्रकरण मामले की जांच और स्थानीय लोगों से जानकारी लेने के लिए पांच सदस्यीय दल का गठन किया है। डॉ. दिगंबर सिंह के नेतृत्व में गठित दल के शुक्रवार को गोपालगढ़ जाने की संभावना है। अभी उस क्षेत्र में कफ्र्यू लगा हुआ है।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि प्रशासनिक ढिलाई के कारण मामला बढ़ा है। उन्होंने स्वयं प्रशासन के लोगों से घटना की शुरुआत में ही पुलिस बल भेजने का आग्रह किया लेकिन किसी ने नहीं सुनी। पहले ही व्यवस्था कर देते तो मामला नहीं बढ़ता। उन्होंने बताया कि इस दल में विधायक डॉ. दिगंबर सिंह के साथ अनिता गुर्जर, रामहेत यादव, विजय बंसल और भरतपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष भजनलाल शर्मा शामिल हैं।