विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल जयपुर में, प्रयाग में होने वाले कुंभ के लिए तीन सूत्रीय एजेंडा तय किया जाएगा
जयपुर। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल ने कहा है कि देश में हिंदू अगर अपने अधिकारों की बात करता है तो उसे सांप्रदायिक कहा जाता है, ऐसे में हिंदू एक गाली हो गया है, हिंदू होना एक अपराध हो गया है। सिंघल मंगलवार को एक दिन की राजस्थान यात्रा के दौरान सुबह मीडिया से बातचीत कर रहे थे। वे दिन में अजमेर में होने वाली संगठन की बैठक में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि 2014 में राममंदिर का निर्माण होना तय है।
सिंघल ने कहा कि केंद्र की सरकार के सलाहकार मिल कर देश में ऐसा कानून लाने जा रहे है, जो हिंदुओं के खिलाफ होगा। प्रीवेंसन ऑफ कम्युनल एंड टारगेटेड वायलेंस नामक यह कानून दो वर्गों में बांटने वाला साबित होगा। इसमें एक वर्ग अल्पसंख्यक और ईसाइयों का होगा एवं दूसरा हिंदुओं की होगा। इसमें अपराधी सिर्फ हिंदू ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि अपराधी किसी मजहब का नहीं होता। उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत जिसके खिलाफ मामला दर्ज कराया है, उसकी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी और उसे पता ही नहीं चलेगा कि किसने मामला दर्ज कराया है।
सिंघल ने कहा कि मुस्लिम मजहब को मानने वालों को ओबीसी में 4.5 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। जबकि संविधान में मजहब के आधार पर आरक्षण देने का प्रावधान ही नहीं है। यह सिर्फ पांच राज्यों में हो रहे चुनाव को देखते हुए किया गया है। ओबीसी तो क्या किसी भी वर्ग में मजहब के आधार पर आरक्षण का प्रावधान नहीं है। ऐसे में स्पष्ट है कि हिंदुओं के अधिकार समाप्त किए जा रहे हैं। सिंघल ने कहा कि गौहत्या, राम जन्मभूमि पर प्रयाग में होने वाले कुंभ के मेले में विचार विमर्श किया जाएगा और आंदोलन छेडऩे की रूपरेखा तय की जाएगी।