जयपुर में हाउसिंग बोर्ड ला रही एक और अफोर्डेबल स्कीम

स्कीम के तहत करीब 800 फ्लैट्स बनाएं जाएंगे, राजस्थान आवासन मंडल के अध्यक्ष ने युद्ध स्तर पर काम करने के आदेश दिए
जयपुर. राजस्थान हाउसिंग बोर्ड मई तक जयपुर में एक और अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम लांच करने जा रही है। इसके तहत जरूरतमंदों के लिए करीब 800 फ्लैट्स और बनाए जाएंगे। बोर्ड की ओर से पहले ही प्रतापनगर में अफोर्डेबल स्कीम के तहत आवेदन लिए जा रहे हैं। प्रथम चरण में करीब साढ़े पांच सौ फ्लैट्स बनाए जाएंगे। द्वितीय चरण दो माह के अंदर शुरू करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
राजस्थान आवासन मंडल के अध्यक्ष परसराम मोरदिया ने बताया कि अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम के तहत युद्ध स्तर पर काम करने के आदेश दिए गए हैं। गुणवत्ता और आवंटन में देरी होने पर अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए एक कैंप लगा कर सभी प्रकरणों को निस्तारण करने के आदेश दिए।
मोरदिया ने चूरू में 122, परतापुर (बांसवाड़ा) में 153, सागवाड़ा (डूंगरपुर) में 240, चित्तौडगढ़ में 26, बड़ी सादड़ी में 155 आवासों के निर्माण कर अफोर्डेबल स्कीम के तहत हर जरूरतमंद को मकान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने मंडल की पांच स्कीम की आवेदन पुस्तिका का विमोचन भी किया।
मोरदिया ने बताया कि अब बजरी की आवक शुरू हो गई है। मंडल के सारे आवासीय स्कीम के काम शुरू किए जाए। इंदिरा गांधी नगर में मकान निर्माण की गति तेज कर लोगों को जल्दी से जल्दी मकान देने के भी निर्देश दिए गए।





