करंट लगने से छात्र की मौत
Shiv Prakash
| Aug 11, 2012, 21:36PM IST
जयपुर। नाहरी का नाका सिंधी कॉलोनी में शनिवार शाम झूलेलाल पार्क में बने मंदिर के टीनशेड में आ रहे करंट से एक छात्र की मौत हो गई। मामले की जांच शास्त्री नगर थाना पुलिस कर रही है।
पुलिस ने बताया कि नाहरी का नाका सिंधी कॉलोनी निवासी सचिन तेजवानी (16) टैगोर विद्या भवन में कक्षा 10 का छात्र था। वह अपने बड़े भाई अनिल तेजवानी और दो अन्य लड़कों के साथ कॉलोनी के झूलेलाल पार्क में खेल रहा था। पार्क में झूलेलाल मंदिर के आगे लगे टीनशेड लगा हुआ है। टीनशेड में लगी ट्यूब लाइट के तार से खंभे में करंट आ रहा था। बारिश होने के कारण पार्क में पानी भरा हुआ था। खेलते हुए सचिन का अचानक पांव फिसल गया। फिसलते हुए सचिन ने गिरने से बचने के लिए टीनशेड के खंभे को पकड़ लिया। खंभे को पकड़ते ही सचिन की चीख निकली और वह खंभे को पकड़े हुए जमीन पर गिरकर छटपटाने लगा।
अनिल ने अपने छोटे भाई सचिन को जमीन छटपटाता देखकर जैसे ही उठाने के लिए पकड़ा तो उसे भी करंट का झटका लगा। वह झटके से दूर गिर गया। करंट लगने के बाद अनिल चिल्लाते हुए पार्क के बाहर आया। उसने पार्क के बाहर आसपास के दुकानदारों छोटे भाई के करंट से चिपकने के लिए कहा तो वे पार्क में पहुंचे और बिजली बोर्ड पर लगे मैन स्विच को बंद किया। नजदीक ही घर होने के कारण परिजनों को सचिन के करंट की सूचना दी। वे सचिन को एसएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बेटे के करंट की सूचना मिलने पर मुहाना मंडी में फलों का व्यापार करने वाले पिता मनोहर लाल तेजवानी घर पहुंचे।






