राजस्थान की यह सड़क बनी खूनी , कल 18 और आज 4 की मौत
पाली. नेशनल हाइवे 14 पाली के पास खूनी सड़क में तबदील हो गया है। मंगलवार को यहां एक सड़क हादसे में 19 लोगों की मौत हुई थी वहीं आज फिर उसी जगह से थोड़ी दूरी पर एक और एक्सिडेंट हो गया जिसमें 4 जनों की मौत हो गई। पाली के पास सुमेरपुर थाना क्षेत्र में नेतरा गांव के पास मंगलवार को हुए हादसे में जहां अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं बुधवार शाम 4 बजे इसी हाइवे पर बेकाबू अल्टो कार ट्रक में घुस गई। यह भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के दौरान कार करीब डेढ़ सौ फीट ट्रक के नीचे घसीटती रही। इससे कार चकनाचूर हो गई, जबकि उसमें बैठे सभी चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
कल हुई थी 19 लोगों की मौत, आज चार की जिन्दगी छिनी
हादसे के बाद हाइवे पर यातायात बाधित हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु किया। पुलिस ने चारों शव को सुमेरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। ज्ञात रहे कि इस हाइवे पर नेतरा के पास दो दिन में यह दूसरा हादसा है। दो दिन के अंतराल में दो हादसे में 23 लोगों की मौत हो चुकी है।
एक घंटे बाद निकले चारों शव
बुधवार शाम 4 बजे ट्रक-कार की भिड़ंत की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने ग्रामीणों की मदद से एक घंटे की मशक्कत के बाद कार में फंसे चारों शव बाहर निकाल मोर्चरी में रखवाए। मृतकों में नारायण लाल पुत्र कानाराम कुमावत व रामलाल कुमावत पुत्र केसाराम सिरोही जिले के शिवगंज के निकट अरठवाड़ा गांव के रहने वाले है, जबकि तीसरा मृतक कैलाश दास पुत्र रणछोड़दास गुरु सिरोही के सलोदरिया गांव का रहने वाला है। चौथे मृतक की शिना तगी के प्रयास किए जा रहे है। चारों युवक हादसे के दौरान सफेद अल्टो कार में सांडेराव से शिवगंज की ओर जा रहे थे। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना देकर बुलाया है।
क्यों हो रहे हैं हादसे
पाली से 70 किलोमीटर दूर नेतरा गांव के पास सड़क केवल टू लेन है, इसे 4 लेन करने का काम चल रहा है। यहां पर जगह बहुत कम है और यहां पर यातायात का दबाव काफी ज्यादा है। इस वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। यह हाइवे इतना दुर्घटना प्रभावित क्षेत्र है कि पुलिस ने इसे हाई रिस्क जोन घोषित किया है।
नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं कैसे रोके जा सकते हैं हादसे
Photo: Virendra Udesh
PICS:रफ़्तार पर सवार होकर आई मौत और छीन ले गई 18 लोगों की जान!
PHOTOS: एक साथ भिड़े चार वाहन, 19 की मौत








