मेरे अकाउंट में 25 हजार रुपए डलवा देना वरना...

जयपुर. कृषि विभाग के प्रमुख सचिव डी बी गुप्ता के नाम से कोई व्यक्ति कृषि विभाग के अधिकारियों को फोन कर रहा है। आरोपी व्यक्ति अलग अलग नंबर से फोन कर अधिकारियों को कभी अकाउंट में रुपए जमा कराने की तो कभी पांच हजार रुपए का मोबाइल रिचार्ज कराने की बात कह रहा है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने जब इसकी जानकारी डीबी गुप्ता को दी तब उन्हें मामले का पता चला। इस संबंध में प्रमुख सचिव ने अशोक नगर थाने में मामला दर्ज कराया है।
गुप्ता के नाम से मांगे 25 हजार रुपए
डी बी गुप्ता ने मामला दर्ज कराया है कि कृषि विपणन बोर्ड के क्षेत्रीय उप निदेशक सुभाष चंद्र, राजस्थान कृषि विपणन बोर्ड के विशेषाधिकारी वी के पाठक और सहायक निदेशक कल्याण सहाय के मोबाइल नंबर पर अलग अलग समय में अलग अलग नंबरों से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को प्रमुख शासन सचिव डीबी गुप्ता बताया और कहा कि उसके अकाउंट में 25 हजार रुपए जमा करा दो। अधिकारियों ने जब कहा कि वे डीबी गुप्ता की आवाज पहचानते हैं आप डीबी गुप्ता नहीं बोल रहे तो फोन काट दिया।
इसी तरह एक अन्य अधिकारी को फोन कर पांच हजार रुपए का मोबाइल रिचार्ज कराने की बात कही। तीनों अधिकारियों ने फोन नंबर डीबी गुप्ता को दिए और उनके नाम से फर्जी तरीके से फोन आने की बात कही। तक गुप्ता ने अशोक नगर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस जांच में सामने आया कि जिन नंबरों से कृषि विभाग के अधिकारियों के पास फोन आया था वे नंबर बिहार के पटना और नालंदा के हैं। जिनकी लोकेशन भी वहीं की आ रही है।






