झाड़ फूंक के नाम पर तांत्रिकों ने लूट ली बालिका की अस्मत
खंडेला/जयपुर.कस्बे में दो तांत्रिकों द्वारा एक नाबालिग बालिका से झाड़ फूंक करने के नाम पर ज्यादती करने का मामला सामने आया हैं। उदयपुरवाटी की बालिका रविवार रात अपने पिता के साथ तांत्रिक के आश्रम में आई थी। तांत्रिकों ने उसके पिता को खाना बनाने के काम में लगा दिया और उसके बाद ज्यादती कर डाली।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने एक तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरा आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस ने बालिका का मेडिकल मुआयना भी करवाया जिसमें ज्यादती की पुष्टि हुई है। एसएचओ पुष्पेंद्र झाझडिय़ा ने बताया कि शाकंभरी रोड उदयपुरवाटी निवासी बालिका के पिता ने इस संबंध में ज्यादती का मुकदमा दर्ज कराया है।
आरोप है कि उसकी बेटी करीब एक साल से बीमार चल रही थी। पनिहारवास निवासी रामेश्वर पुत्र हर दान बावरिया काफी समय से उसका झाड़ फूंक से इलाज कर रहा था। उसका कहना था कि उस पर भूत प्रेत का साया है।
रविवार शाम को वह उनके घर आया और कहा कि उसे अमावस्या की रात को 12 बजे झाड़ा लगेगा। यह कहकर वह बालिका व उसके पिता को बाइक पर बिठाकर खंडेला ले आया। यहां आश्रम में करीब छह साल से दोरादाम झुंझुनूं निवासी बाबा रामदास पुत्र रिछपाल सेन रह रहा है। आरोपी उसे बाबा के पास ले गया। रात को उन्होंने बालिका के पिता को खाना बनाने के काम में लगा दिया और बालिका से सामूहिक ज्यादती की।
उन्होंने बालिका को किसी को बताने पर घर में भूत प्रेत छोडऩे की धमकी भी दी। रात को बालिका आश्रम में ही अपने पिता के साथ सो गई। सुबह घर पहुंचने के बाद उसने आपबीती बताई। इस परिजनों ने उदयपुरवाटी थाने में जानकारी दी। जहां से इन्हें खंडेला थाने भेज दिया गया।
मंगलवार सुबह खंडेला पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत ही आश्रम में दबिश देकर रामदास को गिरफ्तार कर लिया। रामेश्वर बावरिया की पुलिस तलाश कर रही है। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से बालिका का मेडिकल मुआयना कराया।
लड़की के पिता ने मंगलवार सुबह प्रकरण की जानकारी दी थी। तुरंत ही रामदास को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल बोर्ड से मेडिकल करवाया गया है। दूसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुष्पेंद्र झाझडिय़ा, एसएचओ खंडेला





