बहन के घर भाई ने दिखाई काली करतूत और हो गया फरार
लुधियाना । न्यू माधो पुरी इलाके में बहन के घर आए बाई ने भांजे को जहरीला खाना खिला दिया। बेहोश भांजे के हाथ बांध कर आरोपी अलमारी में से लाखों के जेवर चोरी करके फरार हो गया। घटना का पता शाम को चला, जब बेहोश पड़े लड़के का भाई खेलने के बाद घर वापस पहुंचा। सूचना मिलने पर पहुंची थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने इस संबंध में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह ने बताया कि वो गांधी नगर में रहने वाला सुरिंदर शर्मा है। पुलिस ने इस संबंध में राहुल शर्मा (15) की शिकायत पर केस दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में राहुल ने बताया कि उनके मकान के नीचे वाले हिस्से में चाचा गगनदीप शर्मा रहते हैं। ऊपर वाले हिस्से में उनका परिवार रहता है। 12 दिसंबर को उसके चाचा की शादी थी।
शादी के बाद रविवार को पूरे परिवार ने माथा टेकने के लिए कैथल (हरियाणा) जाना था। इसके लिए राहुल के पिता मोहन लाल ने आरोपी सुरिंदर को फोन करके घर बुलाया। वो अपने साथ टैक्सी और ड्राइवर लेकर घर पहुंचा। राहुल के पिता ने आरोपी को भी साथ जाने के लिए काफी आग्रह किया। मगर उसने जरूरी काम का बहाना बना कर साथ जाने से इंकार कर दिया। रविवार सुबह करीब 7 बजे सारा परिवार घर से रवाना हो गया।
इस दौरान राहुल उसका भाई विकास (14) और आरोपी घर में रह गए। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आरोपी बाजार से छोले-भटूरे लेकर आया। खाने के समय सुरिंदर ने ही दोनों भाइयों को खाना परोसा। विकास ने वो कटोरी ले ली, जिसमें सुरिंदर खुद खाने वाला था। जिस पर सुरिंदर केवल आचार से ही खाना खा गया। खाना खाने के बाद विकास पतंग उड़ाने के लिए बाहर चला गया।
थोड़ी देर में राहुल बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो उसके हाथ पांव बंधे हुए थे, जिन्हें विकास ने खोला। घर की अलमारी टूटी हुई और उसमें रखे लाखों के जेवर गायब थे। बलविंदर ने कहा कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






