एम्स में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती के लिए इंटरव्यू शुरू

रायपुर। राजधानी समेत देश के अन्य छह नए एम्स में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती के लिए इंटरव्यू शुरू हो गया है। यह अगले साल 12 फरवरी तक चलेगा। रायपुर एम्स के डायरेक्टर डॉ. नितिन मधुसूदन नागरकर भी नई दिल्ली में डॉक्टरों का इंटरव्यू ले रहे हैं। अगले साल मई से एम्स के अस्पतालों में मरीजों का इलाज शुरू करने की योजना है। वहीं मई 2014 से सुपर स्पेश्यालिटी विभागों में इलाज शुरू हो जाएगा।
एम्स का मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद प्रबंधन का पूरा ध्यान अब अगले साल से अस्पताल शुरू करने की योजना है। अस्पताल शुरू करने के लिए जरूरी है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता हो। यही नहीं एमबीबीएस सेकंड ईयर के लिए भी इन्हीं डॉक्टरों से टीचिंग करवाई जाएगी। 22 विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के लिए एम्स ने पिछले साल 28 दिसंबर को विज्ञापन जारी किया था। लगभग एक साल में इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू हो रही है। यानी प्रक्रिया में देरी हो गई है। फरवरी में इंटरव्यू होने के बाद चयनित डॉक्टरों को एक महीने के भीतर ज्वाइन करने के लिए समय दिया जाएगा। इंटरव्यू क्लीनिकल व नॉन क्लीनिकल डॉक्टरों के लिए आयोजित किया जा रहा है।






