वन तस्करों ने 40 पेड़ काटे, गश्ती दल को देख भागे
Rejendra Nagi
| Jul 30, 2012, 18:58PM IST
उदयपुर. प्रतापगढ़ जिले के धरियावद उपखंड के वन क्षेत्र में सागवान की लकड़ी की तस्करी जारी है। रविवार सुबह आरामपुरा वन खंड क्षेत्र में सागवान की तस्करी की सूचना पर पहुंचे वन्य कर्मियों के दल को देख तस्कर फरार हो गए। गश्ती दल ने तस्करों का आधा किमी तक पीछा भी किया। लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। तस्करों ने जंगल में 40 पेड़ काट डाले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार को रेंजर कालू सिंह देवड़ा वनकर्मियों के साथ गश्त पर थे। इस दौरान वनपाल पुष्कर वैष्णव ने सुबह 11 बजे आरामपुरा वनखंड क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा सागवान के पेड़ काटने की सूचना दी। इस पर रेंजर कालू सिंह के नेतृत्व में दल ने जंगल में घेराबंदी की।
बताया जाता है कि जंगल में करीब 20 तस्कर सागवान के पेड़ काटते दिखे। गश्ती दल ने उन्हें ललकारा, लेकिन तस्कर वहां से निकल भागे। तस्करों को भागते देख वनकर्मियों ने उनका पीछा किया, लेकिन तस्कर हाथ नहीं आए। दल ने करीब आधा किमी तक पीछा किया।
इस दौरान भागते समय तस्करों ने पत्थर भी फेंके, लेकिन संयोगवश किसी को चोट नहीं लगी। इसके बाद रेंजर कालू सिंह वापस मौके पर पहुंचे, जहां करीब 30 फीट के 40 से अधिक पेड़ कटे हुए मिले। इसके अलावा मौके पर एक मोबाइल, लेडीज सैंडल, पानी की केन, खाद्य सामग्री भी बरामद हुई।
गश्ती दल ने सागवान की लकड़ी को जब्त कर लिया है। लकडिय़ों को धरियावद थाने में रखवाने के साथ ही अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। गश्ती दल में वनपाल जोरावर सिंह, वनपाल दारा सिंह, बहादुर सिंह, माया देवी, हीरालाल, वन पाल पुष्करलाल वैष्णव, शिव सिंह, हकरा मीणा आदि मौजूद थे।






