दो तहसीलों के ढाई सौ गांवों में दो दिन से बिजली बंद
chandrashekhar Gurjar
| Aug 08, 2012, 18:31PM IST
उदयपुर। लाइनों में फाल्ट के कारण जिले के झाड़ोल और कोटड़ा उपखंड क्षेत्रों के ढाई सौ से ज्यादा गांवों में दो दिन से बिजली की सप्लाई बंद है। यहां के बाशिंदे रातभर अंधेरे में रहे और बुधवार शाम साढ़े पांच बजे तक भी सप्लाई बहाल नहीं हो पाई थी।
कोटड़ा में सिरोही जिले के पिंडवाड़ा से आने वाली बिजली की लाइन में रोहिड़ा और कोटड़ा के बीच मंगलवार दोपहर बारह बजे फाल्ट आया था, इसके बाद से ही कोटड़ा उपखंड मुख्यालय सहित क्षेत्र के डेढ़ सौ से ज्यादा गांवों में बुधवार शाम तक सप्लाई बहाल नहीं हो पाई। यहां मंगलवार शाम छह बजे महज आधा घंटे के लिए सप्लाई आई और पुन: बंद हो गई, इसके बाद ग्रामीणों को रात भी अंधेरे में गुजारनी पड़ी। निगम के अधिकारी शाम तक फाल्ट निकालने में लगे हुए थे, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। दोपहर बारह बजे बंद हुई थी। छह बजे आधा घंटा सप्लाई आई, फिर से बंद हो गई। जेईएन गिरिराज मेहर फाल्ट निकालने की मशक्कत में लगे हैं। कोटड़ा मुख्यालय सहित मामेर, बिकरणी, जुड़ा, जोगीवड़, मेरपुर, महाड़ी, लांबा हल्दु, कुकावास, मांडवा, नयावास, ढेड़मारिया सहित 22 पंचायतों में सप्लाई बंद। इधर, झाड़ोल उपखंड मुख्यालय और क्षेत्र के सौ से ज्यादा गांवों में भी मंगलवार शाम से ही बिजली बंद है, जो बुधवार शाम तक बहाल नहीं हो पाया। यहां भी फाल्ट के कारण बिजली बंद होना बताया जा रहा है।
ठप हो गए बिजली से जुड़े उद्योग-धंधे
दोनों ही उपखंड क्षेत्रों में पावर कट से ग्रामीणों को भारी परेशानी से गुजरना पड़ रहा है। यहां बिजली से चलने वाले उद्योग-धंधे ठप पड़े हैं। आटा चक्कियों पर दागिनों की कतार लगी रही तो कई लोगों को रोजगार भी नहीं मिल पाया।






