प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और महिलाओं को स्वावलंबन
Anil Vanvani
| Aug 11, 2012, 19:06PM IST
उदयपुर। श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा की ओर से सामाजिक सुधार कार्य के तहत आगामी समय में सामाजिक अंकेक्षण कर पिछड़े परिवारों की जरूरतें पूरी करने का काम किया जाएगा। त्रैमासिक चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। पारिवारिक निर्देशिका का प्रकाशन किया जाएगा। युवाओं के लिए व्यक्तित्व विकास कार्यशाला व आचार्य महाप्रज्ञ व्याख्यानमाला के आयोजन होंगे। महिलाओं को स्वावलंबी के लिए अहिंसा प्रशिक्षण केंद्र स्थापित होंगे।
यह जानकारी तेरापंथी सभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत ने पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि भिक्षु ग्रंथागार को सर्वश्रेष्ठ ग्रंथागार बनाया जाएगा। वार्षिक स्नेह मिलन कार्यक्रम होगा। गुरू दर्शन के लिए यात्रा संघ ले जाए जाएंगे। बुजुर्गों के मार्गदर्शन, युवाओं की ऊर्जा, तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मंडल, अणुव्रत समिति, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम आदि के सहयोग से ये सभी कार्य पूर्ण होंगे।
उन्होंने बताया कि भुवाणा स्थित महाप्रज्ञ विहार में जीवन विज्ञान केंद्र स्थापित कर आचार्य महाप्रज्ञ की स्मृति में 'महाप्रज्ञ दीर्घाÓ व 'महाप्रज्ञ द्वारÓ बनाए जाएंगे। बच्चों में धार्मिक तथा आध्यात्मिक ज्ञानवर्धन के लिए व्यवस्थित रूप से ज्ञान शालाएं चलाई जाएगी। समाज की प्रतिभाओं को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। समाज सेवा व सुधार के ये कार्य आगामी समय में किए जाएंगे।
बातचीत के दौरान पूर्व अध्यक्ष शांतिलाल सिंघवी, गणेश डागलिया, विनोद माण्डोत, गजेंद्र बोहरा, अर्जुन खोखावत तथा कंचन सोनी भी मौजूद थे।
ये है नवनिर्वाचित कार्यकारिणी : तेरापंथी सभा अध्यक्ष फत्तावत ने कार्यकारिणी में छगनलाल बोहरा एवं सुबोध दुग्गड़ को उपाध्यक्ष, अर्जुनलाल खोखावत को मंत्री, ओमप्रकाश खोखावत एवं लोकेश कोठारी को सहमंत्री, मिश्रीलाल लोढ़ा को संगठन मंत्री, महेंद्र सिंघवी को कोषाध्यक्ष, सुभाष सोनी को गृहमंत्री तथा प्रणिता तलेसरा को शिक्षा मंत्री बनाया है।
देशभर में होगा रक्तदान : आचार्य तुलसी के दीक्षा जयंती दिवस पर 14 सितंबर को देशभर में रक्तदान शिविर आयोजित होगा। जिसमें देशभर में एक साथ एक लाख यूनिट रक्तदान किया जाएगा। उदयपुर में भी एक हजार यूनिट रक्तदान कराने का लक्ष्य रखा गया है।
शपथ ग्रहण समारोह आज
तेरापंथी सभा की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार सुबह 9.30 बजे तेरापंथ भवन में होगा। जिसके मुख्य अतिथि सुविवि कुलपति प्रो. आई.वी. त्रिवेदी होंगे। अध्यक्षता पेसिफिक यूनिवर्सिटी के प्रो-प्रेसीडेंट प्रो. बी.पी. शर्मा करेंगे। समारोह के प्रेरणा पाथेय शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया होंगे।






