रांची. हरमू विद्युत सब स्टेशन मैदान में शनिवार को बारह बजे एक ट्रक में भीषण आग लग गई। ट्रक में सफारी कंपनी के सूटकेस लदे हुए थे। आग लगते ही आसपास के लोगों द्वारा आनन फानन में सूटकेस निकाल लिए गए। लेकिन ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया। ट्रक का नंबर यूपी 78 एटी 6099 है।
ट्रक में लदा सामान जल्दीबाजी पिकअप में भरकर दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया। हालांकि, इस दौरान पुलिस और अग्निशमन के कर्मियों की सुस्ती भी दिखाई दी। ट्रक में आग लगने के 65 मिनट तक अग्निशमन की गाडिय़ां मौके तक नहीं पहुंच सकी थी। मौके पर से ही जब अग्निशमन के देर से पहुंचने की बात आड्रे हाउस के फायर ऑफिसर से पूछा गया तो उनका कहना था कि उन्हें किसी ने फोन करके बता दिया था कि आग बुझ गई है। लेकिन उन्होंने भास्कर रिपोर्टर के फोन करने पर कहा कि तुरंत ही गाडिय़ां भेजी जा रही हैं।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि आग लगने की वजह बिजली का तार है। ट्रक के ऊपरी हिस्से में बिजली के तार से आग लगी है।
पुलिस रही सुस्त: मौके पर अरगोड़ा थाना की पुलिस जरूर पहुंची। लेकिन वो भी 40 मिनट की देरी से। मौके पर पहुंचे पुलिस के जवान भी किनारे रहे। किसी ने ट्रक के आसपास से लोगों को हटाना भी मुनासिब नहीं समझा।
"हमें लोगों से इसकी सूचना मिली थी। लेकिन किसी ने बता दिया कि आग बुझ गई है। इसलिए गाडिय़ों के पहुंचने में देरी हुई है। हम अभी तुरंत गाडिय़ों को भेज रहे हैं।" - आरके ठाकुर, फायर अफसर, आड्रे हाउस।
आप भी देखिये घटना की तस्वीरें -
फोटो - रविशंकर सिंह।