भारी पत्थर का बना चक्रधारी मंदिर सिर्फ आंजन में
आंजन पहाड़ी पर स्थित चक्रधारी मंदिर में आठ शिवलिंग दो पंक्तियों में स्थापित है। जिन्हें अष्टांभु कहा जाता है। अष्टांभु के निकट ब्राह्मी सांढ व बसाहा स्थापित है। आंजनधाम स्थिति मंदिर में स्थापित शिवलिंग के ऊपर चक्र है। चक्रधारी मंदिर संभवत: और कहीं नहीं है। यह चक्र एक भारी पत्थर का बना हुआ है। जो जाता की तरह प्रतीत होता है। चक्र के मध्य में जाता की तरह एक छेद है। चक्रधारी शिवलिंग के अति निकट एक त्रिशूल स्थापित है। चक्रधारी मंदिर में पत्थरों से निर्मित दो सुंदर मूर्तियां है, जिनमें एक भगवान विष्णु व दूसरी मूर्ति मां दुर्गा की है। दोनों प्रतिमाएं खंडित हंै। इसी मंदिर में मां काली का बड़ा चित्र लटका दिया गया है। मंदिर में एक साथ शिवलिंग, विष्णु, दुर्गा व मां काली की पूजा होती है। आदिवासी भी विष्णु की पूजा राम के रूप में करते हैं। चक्रधारी महादेव की पूजा आदिवासी व गैर-आदिवासी सभी समान रूप से करते हैं।