सेंट जेवियर्स को मिला दोहरा खिताब
चंडीगढ़। सेंट जेवियर्स सिक्स ए साइड सॉकर टूर्नामेंट में मेजबान सेंट जेवियर्स स्कूल की अंडर-14 और अंडर-16 फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब अपने नाम कर लिया है।
सेंट जेवियर्स स्कूल द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में मेजबान अंडर-14 टीम ने सेंट सोल्जर इंटरनेशनल स्कूल को को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराया वहीं अंडर-16 फाइनल में भी सेंट सोल्जर स्कूल गोल करने में सफल नहीं हो सका और मुकाबला 2-0 से गंवा दिया।
अंडर-14 में लगाई आशिष ने हैट्रिक : अंडर-14 फाइनल मुकाबले में सेंट जेवियर्स टीम ने पहले मिनट से ही आक्रमण कर अपने इरादे जाहिर कर दिए थे।टीम की ओर से पहला गोल आशिष ने दागा। अभी सेंट सोल्जर टीम इस गोल से उभरी ही नहीं थी की आशिष ने अपना और टीम का दूसरा गोल कर दिया।
सेंट सोल्जर की टीम दबाव में थी लेकिन वे बराबर काउंटर अटैक करते रहे। हालांकि उन्हें इस अटैक में सफलता नहीं मिली। हाफ टाइम तक टीम 3-0 से आगे थी। सेंट जेवियर्स की ओर से तीसरा गोल गुरजोत ने दागा। दूसरों हाफ में भी सेंट जेवियर्स का दबदबा कायम रहा और आशिष ने शानदार गोल के साथ अपनी हैट्रिक पूरी की। 4-0 के साथ टीम की जीत पक्की मानी जा रही थी तभी मैच के आखिरी मिनटों में आशिष ने अपना चौथा गोल दाग कर टीम को 5-0 से जीत दिला दी।
सेंट सोल्जर को लगातार दूसरी हार : मेजबान सेंट जेवियर्स स्कूल ने सेंट सोल्जर को अंडर-16 में हराकर लगातार दूसरी बार हार का सामना करवा दिया। सेंट जेवियर्स ने ये मैच 2-0 से जीता। मैच का पहला गोल रुद्र कपूर ने दागा। पहले हाफ में इसके बाद कोई टीम गोल नहीं कर सकी। हाफ टाइम तक सेंट जेवियर्स 1-0 से आगे रही। दूसरे हाफ के शुरूआत में मौके का फायदा उठाते हुए टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर गगनदीप सिंह ने दूसरा गोल दागा और टीम की जीत पर मोहर लगा दी।
ये रहे बेस्ट-अंडर-14
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट-उदित भट्टी, सेंट जेवियर्स स्कूल
टॉप स्कोरर-आशिष सैनी- सेंट जेवियर्स स्कूल
अपकमिंग प्लेयर- सागर, शिशु निकेतन स्कूल
ये रहे बेस्ट-अंडर-16
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट- सनवीर सिंह, सेंट जेवियर्स स्कूल
टॉप स्कोरर- गगनदीप सिंह, सेंट जेवियर्स स्कूल






