वाड्रा-डीएलएफ डील -दिल्ली में हुड्डा के घर के बाहर प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज
चंडीगढ़।यूपीए की प्रधान सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा को हरियाणा में सस्ते दामों पर जमीन देने के विरोध में दिल्ली में सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे इंडिया अगेस्ट करप्शन के कार्यकर्ताओं पर बर्बर लाठीचार्ज कर दिया है। पुलिस ने महिलाओं तक को नहीं छोड़ा है। लाठीचार्ज में घायल हुए कार्यकर्ताओं को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दाखिल कराया गया है। आई ए सी कार्यकर्ताओं पर हुए इस लाठीचार्ज की अरविंद केजरीवाल ने निंदा की है। आज दोपहर को के पंत मार्ग स्थित सीएम हुड्डा की कोठी के बाहर आईएसी की हरियाणा इकाई की ओर से प्रदर्शन किया व जमकर नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने हुड्डा की कोठी में घुसने की कोशिश की और बैरिकेड को तोड़ दिया। इस पर पुलिस ने पहले वाटर कैनन से प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे की कोशिश की। बाद में जमकर लाठियां भांजी। ये कार्यकर्ता इस पूरे मामले की छानबीन करना चाहते थे।






