अमृतसर। जम्मू एंड कश्मीर के तजिंदर सिंह ने इस साल मिस्टर सिंह इंटरनेशनल 2012 का ताज अपने नाम किया। वहीं लुधियाना के दीपइंदर सिंह ने फस्र्ट रनरअप और अमृतसर के तरुणदीप ने सैकेंड रनर अप का ताज ने अपने सिर पहना। ढोल की आवाज, धमाकेदार म्यूजिक और रंग-बिरंगी लाइटों के बीच जब लंबे कद और सुडौल शरीर वाले पंजाबी गबरू रैंप पर उतरे तो कोई भी वाहवाह करने से खुद को रोक नहीं पाया। कोई अपनी कुर्सी से उठकर झूमने लगा तो कोई ऊंची-ऊंची सीटियां बजाने लगा। यह नजारा था रणजीत एवेन्यू स्थित श्री गुरु हरिकृष्ण इंटरनेशनल स्कूल की ग्राउंड का, जहां मिस्टर सिंह इंटरनेशनल का ग्रेंड फिनाले आयोजित किया गया। अकाल पुरख की फौज की ओर से दस्तार स्वाभिमान लहर के तहत आयोजित प्रतियोगिता की शुरुआत नाटक पाखंडी साध के मंचन से हुई। इस नाटक में धार्मिक एवं सामाजिक अंधविश्वास के हालातों की मुंह बोलती तस्वीर पेश की गई। इसके उपरांत कीर्तन कला ग्रुप ने शबद गायन किया। युवा सबसे पहले फोर्मल राउंड के लिए रैंप पर उतरे और आए हुए अतिथियों एवं निर्णायकों के समक्ष अपनी पहचान पेश की। इसके उपरांत कलाकारों ने शहरवासियों के समक्ष सिख इतिहास पेश किया और सिख विरासत की विस्तृत जानकारी दी।
इसके उपरांत एक बार फिर प्रतियोगी मंच पर उतरे, लेकिन इस बार उन्होंने अपनी शारीरिक सुडौलता का प्रदर्शन किया। इस राउंड के बाद करतारपुर से पहुंचे बॉडी बिल्डर नवतेज सिंह ने अपने फन का प्रदर्शन किया। अकाल पुरख की फौज पब्लिक स्कूल तरनतारन ने फोक आर्केस्ट्रा से वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के दौरान कई शख्सियतों को सम्मानित किया गया।
पहली बार देखा ऐसा रैम्प शो
बॉलीवुड के प्रसिद्ध निर्देशक मधुर भंडारकर ने कहा कि उन्होंने मॉडलिंग से जुड़ी कई फिल्में बनाई, कई रैम्प शो देखे और कई मॉडलों से मिले। लेकिन ऐसा रैम्प शो उन्होंने पहली बार देखा है। जितना आत्मविश्वास इन सभी प्रतियोगियों में है, ऐसा उन्होंने कभी भी किसी कलाकार या माडल में नहीं देखा।