चंडीगढ़। पीले, गुलाबी और सफेद, कहीं घने तो कहीं सूरज की आभा देते, खूबसूरत फूल गुलदाउदी के। पंजाब यूनिवर्सिटी के आरसी पॉल रोज गार्डन में मंगलवार की शाम से गुलदाउदी ने अपना कब्जा किया है। छह दिवसीय गुलदाउदी शो का उद्घाटन किया वाइस चांसलर प्रो अरुण ग्रोवर की पत्नी एवं संगीत प्राध्यापिका प्रो नीरा ग्रोवर ने। प्रो ग्रोवर ने सोमवार को ही संगीत विभाग में ज्वाइन किया है। वह इससे पहले मुंबई यूनिवर्सिटी में थीं। वीसी प्रो ग्रोवर ने उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता की।
गुलदाउदी शो के लिए 32सौ गमलों में गुलदाउदी की 185 वैराइटीज पेश की गई हैं। रजिस्ट्रार प्रो एके भंडारी, डीएसडब्ल्यू प्रो अमरीक सिंह आहलूवालिया सहित कई सीनियर फैकल्टी मेंबर उद्घाटन के समय मौजूद रहे। मैं अपने जवानों को मिस कर रहा हूं कहते हुए वीसी प्रो ग्रोवर ने कार्यक्रम में स्टूडेंट्स की कमी को इंगित किया। हार्टीकल्चर विभाग के प्रमुख अनिल ठाकुर ने बताया कि लगभग पांच साल से यह शो कराया जा रहा है। इस बार प्रतियोगिता में उनकी गुलदाउदी ने विभिन्न कैटेगरियों में तीन पुरस्कार जीते हैं।
फोटो : रविंदर भाटिया