मोहाली।दिल्ली में कुछ दरिंदों की ओर से एक लड़की के साथ किए गए अमानवीय व्यवहार को लेकर दिल्ली की सड़कों पर तो विरोध हो ही रहा है साथ ही अब इस घटना का विरोध सारे देश में शुरू हो गया है।
सोमवार को मोहाली के शैमरॉक स्कूल के स्टूडेंट्स इस दर्दनाक घटना के विरोध में फेज 7 और 8 में प्रदर्शन किया गया। हाथों में बैनर लिए छात्रों का कहना था कि इस घटना ने पूरे समाज को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल लोगों को कभी माफ नहीं किया जाना चाहिए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
फेज 8 के चौक पर पहुंच कर स्कूली छात्रों की ओर से इस घटना की निंदा की गई और लोगों को इस घटना के विरोध में साथ देने के बारे कहा। विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जो बैनर अपने हाथों में लिए हुए थे उस पर लिखा था कि एक लड़की चांद पर जा सकती है लेकिन वह बस पर सफर नहीं कर सकती। इसके अलावा कई अन्य प्रकार के बैनरों पर दोषियों को फांसी की सजा देने के बारे कहा गया था। हाथों में मोमबत्तियां लिए हुए छात्रों ने पीडि़त युवती की सलामती की दुआ भी की और कहा कि भगवान उसे लंबी आयु दे।