बीयू इलेवन ने जीता प्रदर्शन मैच

भोपाल। बीयू महिला इलेवन ने भोपाल वूमेंस क्लब की टीम को 8 विकेट से हराकर द्वितीय इंदिरा गोयल स्मृति इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का प्रदर्शन मुकाबला जीता। इसके पूर्व एमवीएम मैदान पर जल संसाधन एवं पर्यावरण मंत्री जयंत मलैया और बीडीसीए के पूर्व उपाध्यक्ष एएस सिंहदेव ने ट्रॉफी का अनावरण कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इसके बाद कबूतर उड़ाकर और गुलाब के पौधों का रोपण कर श्रीमती इंदिरा गोयल को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर जयंत मलैया ने बल्लेबाजी और एएस सिंहदेव ने गेंदबाजी की। टूर्नामेंट का प्रारंभिक मैच भोपाल अकादमी और अपेक्स स्कूल के बीच खेला गया। इसमें भोपाल अकादमी की टीम 15 रन से विजयी रही। अंबर रघुवंशी (52 रन और 2 विकेट) को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें जिला कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर मप्र खनिज निगम अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा, नगर निगम अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, आकाश गोयल, चंद्रशेखर धाकड़, ईश्वर सिंह चौहान और सूरज बागजई उपस्थित थे।






