भोपाल/विदिशा। सर, मैं अस्पताल जा रहा था, आज छोड़ दीजिए, आइंदा ऐसी गलती नहीं करूंगा। साहब, मैं पत्नी का अल्ट्रा साउंड कराने जा रहा था, इसलिए जल्दी में था। आज माफ कर दीजिए अब कभी भी तीन बैठकर बाइक पर नहीं जाएंगे। मंगलवार दोपहर में तीन बैठकर वाहन चालक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के आगे गिड़गिड़ाकर कुछ इसी तरह के बहाने कर रहे थे। इनकी गलती ये थी कि ये उल्टी दिशा, बगैर नंबर की बाइक और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे थे।
वाहन चालकों में सबसे ज्यादा संख्या उन स्कूली बच्चों की थी जिनकी उम्र 16 साल से भी कम थी। बच्चों द्वारा वाहन चलाने की खबर को भास्कर ने मंगलवार को सड़क पर बच्चों का खेल शीर्षक से प्रमुख रूप से प्रकाशित किया था। इस खबर के बाद ट्रैफिक इंचार्ज इंद्रेश त्रिपाठी ने नीमताल पर वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की।
17 वाहन चालकों के चालान बनाकर 7500 रुपए वसूले गए। ट्रैफिक इंचार्ज इंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि अब आकस्मिक कार्रवाई की जाएगी। तीन सवारी, मोबाइल पर बात करना, वाहन पर नंबर नहीं होने पर 440 का चालान बनाने की कार्रवाई की जा रही है। बगैर रजिस्ट्रेशन के 500 और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने पर 750 रुपए का चालान बनेगा।