अब सौ किमी प्रति घंटे से भी अधिक गति से भरेंगी फर्राटा
इंदौर। पश्चिम रेलवे के रतलाम-नागदा रेल खंड पर अब यात्री ट्रेनें 110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ सकेंगी। अब तक इस रेल खंड पर ट्रेनें 100 किमी प्रति घंटा की गति से दौड़ती थीं। कमिश्नर रेलवे सेफ्टी ने इसे 10 किमी प्रति घंटा बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। रतलाम-नागदा रेल खंड करीब 42 किलोमीटर लंबा है।
इंदौर की चार ट्रेनों को होगा फायदा : गति बढऩे का फायदा इंदौर से संबद्ध चार ट्रेनों को होगा। इनमें इंदौर-पुणे एक्सप्रेस, इंदौर-उदयपुर एक्सप्रेस, इंदौर-गांधीनगर शांति एक्सप्रेस और इंदौर-जयपुर एक्सप्रेस शामिल हैं। इनके अलावा उक्त रेल खंड से गुजरने वाली साबरमती एक्सप्रेस, जबलपुर-सोमनाथ एक्सप्रेस, गोरखपुर-ओखा एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, देहरादून एक्सप्रेस और वाराणसी-ओखा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें भी 110 किमी प्र. घं. की गति से दौड़ सकेंगी। इस रेल खंड पर ट्रैक उन्नयन, उपरोक्त ट्रेनों के कोच में बेहतर तकनीक का इस्तेमाल होने और इन्हें आधुनिक इंजन से चलाने के कारण गति बढ़ाने की अनुमति मिली है।







