भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष मुबारिक खान के बेटे तनवीर की चोइथराम हॉस्पिटल के पास शनिवार को चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस को जानकारी मिली है कि उसके साथ एक लड़की भी थी। देर रात पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसने अवैध वसूली से त्रस्त आकर दो साथियों के साथ हत्या करने की बात कही है।
एएसपी राजेशसिंह के अनुसार एक प्रत्यक्षदर्शी महिला ने बताया कि तनवीर खान (25 वर्षीय) निवासी खातीवाला टैंक डस्टर कार से शाम साढ़े छह बजे चोइथराम हॉस्पिटल के पास सुनसान गली में आया था। उसके साथ लड़की भी थी। इसके बाद महिला घर में काम करने चली गई। कुछ देर बाद शोर सुनाई दिया। वह बाहर निकली तो दो लड़के कार में बैठे तनवीर पर चाकुओं से हमला करते दिखे। उन्होंने पहले तनवीर को सीट पर ही चाकू मारे, फिर बाहर निकालकर वार किए। इसके बाद हमलावर बाइक से चले गए। तनवीर के शरीर पर 15-17 घाव मिले हैं।
10 मिनट पहले गया था Ñ तनवीर के दोस्त कपिल व विशाल ने बताया घटना के पहले वह उनके साथ खातीवाला टैंक पर था। उसे किराना व्यापारी सोहेल खान निवासी गुलजार कॉलोनी और ओएज निवासी रानीपुरा ने कॉल कर बुलाया। तनवीर 10 मिनट में आने का कहकर चला गया।
वसूली के लिए धमकाता था : देर रात पुलिस ने सोहेल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया सोहेल का कहना है कि तनवीर उसे वसूली के लिए धमकाता रहता था। शनिवार को उसने रुपए लेकर आने को कहा था। वह ओएज और रिजवान उर्फ इच्छु को लेकर गया और मार डाला। पुलिस बयानों की तस्दीक कर रही है।
15 दिन पहले हुआ था झगड़ा : पता चला है कि 15 दिन पहले सोहेल व तनवीर का झगड़ा हुआ था। पता चला है आरोपी विष्णु उस्ताद हत्याकांड के आरोपी रहे नरेंद्र कुशवाह के साथी हैं। लॉट का विवाद भी सामने आया है। पुलिस लड़की की जानकारी भी निकाल रही है।
पिता ने तोहफे में दी थी गाड़ी : खबर मिलते ही पिता मौके पर पहुंचे। परिजन ने उन्हें तनवीर की मौत की सूचना नहीं दी। परिजन से पता चला कि 18 दिसंबर को तनवीर का जन्मदिन था। तब पिता ने उसे डस्टर गाड़ी तोहफे में दी थी।