बहन किडनी देने को तैयार पर ट्रांसप्लांट के लिए पैसे नहीं <श्च>श्च>एक किडनी के ट्रांसप्लांट पर 4 लाख रुपए तक का खर्च आएगा<श्च>श्च>
Source: Aarti Seth | Last Updated 17:47(10/02/12)
जालंधर । 27 वर्षीय हरपाल सिंह को दोनों किडनियों के इलाज के लिए मदद की जरूरत है। उसकी बहन उसे एक किडनी देने को तैयार हैं, लेकिन किडनी ट्रांसप्लांट कराने के लिए पैसे न होने के कारण हरपाल जिंदगी व मौत से जूझ रह है। एक किडनी के ट्रांसप्लांट में 4 लाख रुपए तक का खर्च आना है। उसकी बहन कुलविंदर कौर ने भाई के इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई है। कुलविंदर ने बताया कि डाक्टरों ने जल्द से जल्द किडनी बदलवाने के लिए कहा है, लेकिन पैसे न होने के कारण वह आप्रेशन नहीं करवा पा रहे हैं।
ढांगू रोड, पठानकोट निवासी हरपाल सिंह ऑटो चालक का काम करते हैं। डेढ़ साल पहले उनकी शादी गुरमीत कौर से हुई थी। सात माह पहले उनकी दोनों किडनियां फेल हो गईं। तभी से वह एसजीएल चेरिटेबल अस्पताल, जालंधर के डा. संजय मित्तल से इलाज करवा रहा थे। अब अंतिम स्टेज पर होने के कारण डा. मित्तल ने उन्हें किडनी बदलवाने के लिए कहा है। इसके चलते अब हरपाल सिंह कचहरी रोड स्थित मांगट अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
डा. राजेश अग्रवाल ने आप्रेशन के लिए समय तो दे दिया है, लेकिन पैसे इकट्ठे न होने के कारण आप्रेशन नहीं हो पा रहा। हरपाल की बड़ी बहन कुलविंदर कौर उसे अपनी एक किडनी देने के लिए तैयार हैं, लेकिन हरपाल के पास आप्रेशन के लिए पैसे नहीं हैं। हरपाल चार बहनों व दो भाइयों में सबसे छोटे हैं। इनकी आमदनी पर ही घर का गुजारा हो पाता था।
बीमारी की वजह से घर में आमदनी का कोई और साधन भी नहीं हैं। हरपाल के दोस्त अरुण शर्मा ने बताया कि हरपाल अंतिम स्टेज पर है। सप्ताह में दो बार डायलसिस करवाना पड़ता है। एक बार डायलसिस करवाने पर 3000 रुपए तक खर्च आता है। डाक्टरों ने सिर्फ आप्रेशन का खर्च ही 4 लाख रुपए बताया है। इसके अलावा दवाइयों का खर्च अलग से है। उन्होंने लोगों से हरपाल के इलाज के लिए मदद की अपील की है। हरपाल के इलाज के दानी सज्जन 98882-71730 पर कॉल कर सकते हैं या फिर एसबीआई बैंक के खाता नंबर 31160664162 में सहायता राशि जमा करवा सकते हैं।