तांत्रिकों और भगवान बनने वाले पर कार्रवाई की मांग
जालंधर । हेल्पलाइन संस्था की ओर से शनिवार को पुलिस कमिश्नर गौरव यादव को ज्ञापन देकर तांत्रिक और भगवान बनकर लोगों को लुटने वाले धोखेबाजों पर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट अशोक शर्मा ने बताया कि शहर में तथाकथित तांत्रिकों का मकडज़ाल फैल चुका है, जो भोले भाले लोगों को गुमराह करके उनसे पैसे बटोरने में लगी हुई है।
इतना ही नहीं इनके चक्कर में शहर में नरबलियां भी नहीं रुक रही है। केबल टीवी और समाचार पत्रों के माध्यम से तांत्रिक लोगों को गुमराह करके अपने जाल में फंसा रहे है। विज्ञापन में वशीकरण, मुठकरनी, प्रेमिका द्वारा धोखा, खून के छींटे, लिंग निर्धारण, विदेश यात्रा, बीमारियों का शर्तिया इलाज किए जाने का दावे करते है।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी संस्था ने प्रशासन को इनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने का ज्ञापन दे चुका है लेकिन प्रशासन की चुप्पी के चलते इनका हौसला बुलंद है। इस बार संस्था ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इस बार प्रशासन ने इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है तो संस्था शहर के धार्मिक और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर धरना प्रदर्शन करेगी। इस मौके पर रोहित विज, कुलवंत राय, हरिंदर सिंह काहलो, प्रीतम सिंह भाटिया, राम छाबड़ा, नीरज लूथरा समेत कई अन्य लोग उपस्थित रहे।






