प्रमोशन में आरक्षण विधेयक में भाजपा का नया पेंच
Matrix News
| Dec 16, 2012, 06:00AM IST
अमित मिश्रा, नई दिल्ली
भाजपा राज्यसभा में पदोन्नति में आरक्षण विधेयक में एक संशोधन प्रस्ताव लाने की तैयार कर रही है जिसके जरिये पदोन्नति में दलितों और आदिवासियों के लिए आरक्षण की सीमा 22.5 प्रतिशत तक सीमित करने की कोशिश की जाएगी। अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए शिक्षा और नौकरियों में आरक्षण में यह सीमा पहले से लागू है। विधेयक पर सोमवार को मतदान होना है।
विधेयक पास कराने के लिए बहुमत जुटाने की मशक्कत कर रही सरकार की कोशिशों में भाजपा इस रवैये से नया पेंच पड़ सकता है। वजह यह है कि बसपा ऐसे किसी संशोधन को नहीं मानेगी, जिससे उसे इस कदम का पूरा राजनीतिक फायदा मिलता न दिखे। इस संविधान संशोधन विधेयक को पास कराने के लिए सरकार को दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी।
भाजपा एक अन्य संशोधन भी ला सकती है जिसमें वह अनुसूचित जाति और जनजाति के अलावा किसी और वर्ग को आरक्षण न देना सुनिश्चित करने की मांग कर सकती है। हर प्रदेश में आरक्षण का आधार प्रदेश सरकारों ने तय किया हुआ है। कहीं यह 50 प्रतिशत तक है कहीं उससे भी ज्यादा। भाजपा इस प्रस्ताव के जरिए अगड़ी जाति के मतदाताओं को आश्वस्त करने की कोशिश करेगी।






