नई दिल्ली। संसद हमले के दोषी अफजल गुरू को शनिवार सुबह फांसी दिए जाने के बाद सुरक्षा के लिहाज से पूरी दिल्ली में अलर्ट जारी कर दिया गया। बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों आदि जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। सभी थाने सुबह से ही अलर्ट पर है।
उधर, तिहाड़ जेल के बाहर भी सुबह से गहमागहमी का माहौल बना रहा। तिहाड़ में अफजल गुरू को फांसी लगाए जाने की चैनलों पर खबर सुनने के बाद लोग वहां इकट्ठा हुए। मीडिया का भारी जमावड़ा भी यहां लगा रहा। इसके मद्देनजर तिहाड़ जेल भी सुरक्षा के कड़े पहरे में रही। जेल के बाहर हर मुख्य गेट भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। जेल के बाहर मुख्य मार्ग पर वाहनों को रूकने नहीं दिया जा रहा था।
इसके अलावा दिल्ली के सभी बार्डर एरिया पर भी पुलिस चौकस है। यहां दूसरे राज्यों से आने वाले सभी वाहनों की सघनता से तलाश की जा रही है। वहीं, राजधानी में किसी भी अप्रिय घटना या तनाव के होने आशंका के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
पुलिस मुख्यालय की तरफ से सभी थानों के लिए निर्देश जारी किए गए हैं कि वे छोटे से छोटे झगड़े की कॉल पर भी गंभीरता बरतें। पुलिस गंभीरता से ले। ताकी शहर में किसी प्रकार के दंगे की स्थिति पैदा न हो। पुलिस यह आशंका जता रही है कि किसी भी प्रकार के झगड़े में सांप्रदायिक तत्व घुसकर हंगामा कर सकते हैं। अफजल गुरू की मौत के बदले की कार्यवाही के रूप में पुलिस राजधानी में किसी बड़ी आतंकवादी घटना की आशंका को भी दरकिनार नहीं कर रही।
शनिवार को तिहाड़ जेल में अफजल को फांसी दिए जाने के बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कितनी कड़ी या लचर रही, इसका जायजा हमारे फोटोग्राफर भूपिंदर सिंह और मंगल कुमार ने अपने कैमरे के जरिए लिया। देखिए पुलिस की मुस्तैदी की तस्वीरें।
ये भी पढ़ें
PICS: अफजल की फांसी का विरोध, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पिटाई कर मुंह पर पोती कालिख
गुरु के आखिरी 12 घंटों का ब्यौरा पढें
अफजल के लिए चार दिन के शोक का ऐलान
LIVE: हर तरफ से रिजेक्ट हुई अफजल की फांसी माफी की गुहार, तिहाड़ जेल में दफनाया गया शव