नई दिल्ली। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष वजाहत हबीबुल्ला गुजरात के मुख्युमंञी नरेंद्र मोदी से राज्य में अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करना चाहते हैं। इसके लिए हबीबुल्ला ने मोदी को एक पञ लिखकर उनसे मिलने की इच्छा जताई है और बातचीत के लिए उनसे समय भी मांगा है। हालांकि वे बीते एक साल के दौरान कई बार मोदी को पञ लिखकर उनसे मुलाकात करने का समय मांग चुके हैं, लेकिन कुछ कारणों के चलते मोदी और उनकी मुलाकात संभव नहीं हो सकी।
हबीबुल्ला ने कहा, हाल ही में हमारी ओर से गुजरात के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया है जिसमें हमने उनसे मुलाकात का समय मांगा है। मेरी जानकारी के अनुसार अभी तक गुजरात सरकार का कोई जवाब नहीं आया है। हम उनके जवाब का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हमने पिछले साल भी मोदी से मुलाकात को लेकर समय मांगा था, लेकिन चुनाव और कुछ अन्य कारणों से मुलाकात संभव नहीं हो सकी। अब हम उनसे मुलाकात करके अल्पसंख्यकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना चाहते हैं। हबीबुल्ला की ओर से मोदी के साथ मुलाकात की यह नई पहल उस वक्त की गई है, जब अल्पसंख्यक बच्चों के लिए प्रीमैट्रिक छात्रवृत्ति की योजना को लेकर गुजरात उच्च न्यायालय ने बीते शुक्रवार को राज्य सरकार को आदेश दिया कि वह केंद्र सरकार की इस योजना को लागू करे।