नई दिल्ली। पत्नी के चरित्र पर शक के कारण पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी में एक पति ने पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों की शादी को अभी ज्यादा समय भी नहीं हुआ था। वहीं यमुना पार के दो अलग-अलग इलाकों में दो लोगों को अवसाद ने इस कदर जकड़ लिया कि दोनों ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। फांसी लगाने वालों में एक बुजुर्ग भी हैं।
पति के शक का शिकार बनी युवती को गंभीर हालत में एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस आरोपी पति विनोद को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। वहीं दोनों सुसाइड केस में पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी हॉस्पिटल और एलबीएस भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।