नई दिल्ली . कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि उनके पास पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के परिजनों के खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत हैं। हालांकि वे कभी इसे सामने नहीं लाएंगे। एक समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में दिग्विजय ने कहा कि उनके पास भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं और उनकी पार्टी को शर्मिंदा करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं। इसी के साथ उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस ने कभी इन बातों को जाहिर किया है? दिग्विजय के बयान पर भाजपा के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि 'कांग्रेस अहंकार के नशे में मदहोश हैं। देश की सत्ताधारी पार्टी को छूटे हुए कारतूस का इस्तेमाल न करके अपनी अक्ल का इस्तेमाल करना चाहिए। ताकि उनके चेहरे की कालिख कुछ साफ हो सकेगी।'