चुनावी गलियारों में कुछ यूं चमकेंगे फिल्मी सितारे
Source: Agency | Last Updated 17:21(09/01/12)
नई दिल्ली। चुनावों में वोटरों को लुभाने के लिए अलग-अलग फंडे इजाद किए जाते रहे हैं। फिल्मी सितारों को बुलाकर उनकी फैन फॉलोइंग को अपने पक्ष में करवाने का प्रयास किया जाता है। उनसे अपने पक्ष में वोट देने की अपील करवाई जाती है।
इस बार भी पांच राज्यों यूपी, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा और पंजाब में होने जा रहे है विधानसभा चुनावों फिल्मी सितारों की जमघट लगेगी। शत्रुघ्न सिन्हा, विनोद खन्ना, हेमा मालिनी भाजपा की ओर से प्रचार में उतरेंगे। कांग्रेस यहां प्रचार के लिए श्रीदेवी, डिंपल कपाड़िया और गोविंदा के भरोसे है। सपा जया बच्चन से मदद चाह रही है।
फिल्मी सितारों के मामले में भाजपा का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। करीब आधा दर्जन सितारे यूपी, उत्तराखंड और पंजाब में इस पार्टी के पक्ष में प्रचार करेंगे। शत्रुघ्न सिन्हा, विनोद खन्ना, हेमा मालिनी, स्मृति ईरानी, वाणी त्रिपाठी और महाभारत फेम गजेंद्र सिंह चौहान भाजपा की ओर से प्रचार में उतरेंगे।
कांग्रेस की ओर से इस मामले में कमान राज बब्बर के हाथ है। राज को ही कुछ अन्य फिल्मी सितारों को चुनाव प्रचार में लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रचार के लिए श्रीदेवी, डिंपल कपाड़िया और गोविंदा जैसे सितारों से संपर्क साधा जा रहा है। स्टार प्रचारक रहे राजेश खन्ना स्वस्थ नहीं हैं, डॉक्टरों ने इजाजत दी तो वह चुनावी सभाएं संबोधित कर सकते हैं।