राज्यपाल ने कहा, जगदीश शेट्टर के मंत्रिमंडल में दागी

बेंगलुरू. कर्नाटक में जगदीश शेट्टर को मुख्यमंत्री पद संभालते ही राज्यपाल हंसराज भारद्वाज के हमले का सामना करना पड़ा है। राज्यपाल ने कहा कि उनकी सलाह की अनदेखी करते हुए कुछ दागी छवि वाले नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। मीडिया से चर्चा में भारद्वाज ने कहा कि स्वच्छ प्रशासन देने की कोशिश होनी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
मंत्रिमंडल में दागी छवि के लोग हैं। एक के खिलाफ कोर्ट में मामला है। भारद्वाज ने कहा, मैंने ऐसे लोगों को बाहर रखने को कहा था जिनके खिलाफ कोर्ट में मामले चल रहे हैं। लेकिन अब वे (भाजपा नेता) कहते हैं कि हाइकमान ने मंत्रियों के नाम तय किए है। उन्होंने कहा, मैं इसे रोक नहीं सकता। मैं सलाह और सुझाव दे सकता हूं। सरकार उनकी है, वे जो सूची देंगे उसे मंजूरी देनी होगी।
गौड़ा को हटाना नहीं आया रास
राज्यपाल ने कहा, जब गौड़ा को इस्तीफा देने को कहा गया तो मुझे अच्छा नहीं लगा। उनके खिलाफ कोई आरोप नहीं है। गौड़ा के समय प्रशासन में सुधार आ रहा था। वे स्वच्छ प्रशासन की ओर बढ़ रहे थे। लेकिन भाजपा नेतृत्व परिवर्तन चाहता था। यह पार्टी का मामला है।






