
अगर इतिहास के पन्नों पर नज़र डालें तो छह फ़रवरी 2001 के दिन इसराइल में दक्षिणपंथी लिकुद पार्टी के अरियल शेरॉन को चुनाव में जीत हासिल हुई थी और इसी दिन वर्ष 1971 में पहली बार किसी मानव ने चांद पर गोल्फ़ खेला था.
इसराइल में दक्षिणपंथी राजनीतिक दल लिकुद पार्टी के नेता अरियल शेरॉन को चुनाव में भारी वियज हासिल हुई थी. अरियल शेरॉन ने मध्य-पूर्व में शांति की बहाली के लिए राष्ट्रीय सरकार की बात कही थी.
जीत के बाद तेल अवीव में समर्थकों की एक भीड़ को संबोधित करते हुए अरियल शेरॉन ने फ़लस्तीनियों के लिए येरूशलम में ज़मीन छोड़ने के किसी भी समझौते से इन्कार किया.
उन्होंने फ़लस्तीनियों से कहा कि वो हिंसा का रास्ता छोड़ दें और बातचीत का रास्ता अपनाएँ.
शेरॉन की जीत के बाद पद छोड़ते हुए पूर्व प्रधानमंत्री एहुद बराक ने कहा कि वो बिना किसी संयुक्त योजना के किसी भी राष्ट्रीय सरकार में शामिल नहीं होंगे.
अरियल शेरॉन को एक निडर सैनिक और राजनीतिज्ञ के तौर पर जाना जाता था और साल 1982 में हुए लेबनान हमले में रक्षामंत्री के तौर पर उनकी अहम भूमिका थी.
इसराइल की निगरानी में बेरूत में मौजूद शिवर में सैकड़ो फ़लस्तिनियों की हत्या का ज़िम्मेदार पाए जाने पर उन्हें पद छोड़ना पड़ा था.
जीत का समाचार फैलने पर पश्चिमी तट पर मौजूद फ़लस्तिनियों ने 'शेरॉन एक क़साई है' के नारे लगाए और उनके और इसराइली सैनिकों के बीच झड़पें भी हुई थीं.
अपोलो 14 मिशन चांद से पत्थर और अन्य पदार्थ लाने में सफल रहा
अमरीका के अपोलो 13 मिशन में आई मुश्किलों और हादसा होते-होते बचने के बाद दो यात्रियों के लेकर अपोलो 14 मिशन के अंतरिक्ष यान ने सफलतापूर्वक उड़ान भरी.
हालांकि जब अपोलो 14 अंतरिक्ष कक्ष से बाहर हुआ था तो उसके एक यंत्र ने काम नहीं किया था जिसको लेकर चिंता हुई थी.
लेकिन कुछ आनंददायक क्षण भी आए. जब छह फ़रवरी के दिन चांद पर चलने के दौरान एलन शेपर्ड ने एक गोल्फ़ क्लब घुमाकर गेंद पर मारा और चांद पर गोल्फ़ खेलने वाले पहले व्यक्ति बन गए.
बाद में उन्होंने दो और गेंदों को हिट किया.
चांद पर गए दोनों अंतरिक्ष यात्रियों वहां से पत्थर और अन्य पदार्थ लाने में कामयाब हुए.
इन दोनों ने चांद पर लगभग नौ घंटे बिताए जो तब तक चंद्रमा पर बिताया गया सबसे अधिक समय था.