नई दिल्ली. अगले महीने संसद में पेश हो रहे आम बजट में नौकरीपेशा लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस बार के बजट में सरकार इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव करने और टैक्स छूट की सीमा बढ़ाकर 3 लाख रुपये कर सकती है।
सूत्रों के मुताबिक 2012-13 के बजट में वित्त मंत्री टैक्स छूट की सीमा एक लाख 80 हजार रुपये से बढ़ाकर 3 लाख रुपये कर सकते हैं। इसके साथ ही दरों में भी बलाव हो सकता है। हालांकि जानकार मानते हैं कि इतनी बढ़त से आम आदमी को कुछ खास फायदा नहीं होने वाला है।
किसने की सिफारिश?
वित्त मामलों पर संसद की स्थायी समिति व्यक्तिगत आयकर छूट की सीमा 3 लाख रुपये करने के पक्ष में है। यह छूट सीमा अभी 1.8 लाख रुपये है। पूर्व वित्त मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा की अध्यक्षता वाली इस समिति की शुक्रवार को बैठक होनी है। इसमें डायरेक्ट टैक्स कोड (डीटीसी) बिल संबंधी ड्राफ्ट रिपोर्ट पर चर्चा होगी।
बिल में आयकर छूट सीमा दो लाख रुपये करने की बात कही गई है। सूत्रों के मुताबिक हाल तक महंगाई दर दहाई अंकों में रहने के कारण समिति चाहती है कि आयकर छूट सीमा तीन लाख रुपये की जाए। यदि सरकार कमेटी की सिफारिशें मान ले तो नौकरी पेशा लोगों के लिए बड़ी राहत होगी।
वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने अगस्त में डीटीसी बिल को लोकसभा में पेश किया था। बाद में इसे स्थायी समिति को भेज दिया गया था। डीटीसी के 1 अप्रैल 2012 से लागू होने की संभावना ना के बराबर है, लेकिन वर्ष 2012-13 के बजट में इसके कुछ प्रावधानों को शामिल किया जा सकता है।
इनकम टैक्स बचाने के ये हैं 10 तरीके