जयललिता की मांग, बलात्कारियों को नपुंसक किया जाए

चेन्नई। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता ने बलात्कारियों को कानून के जरिए रासायनिक तरीके से नपुंसक बनाने की मांग की है। उन्होंने बलात्कार को लेकर सख्त सजा के प्रावधान की पैरवी करते हुए कहा है कि उनकी सरकार केंद्र से कानून में जरूरी बदलावों का आग्रह करेगी जिससे ऐसे अपराधों में शामिल लोगों को मृत्युदंड की और रसायन का इस्तेमाल कर नपुंसक बनाने की सजा दी जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य में गुंडा एक्ट को संशोधित करने और त्वरित महिला अदालतें स्थापित करने के लिए कदम उठाएं जाएंगे। जयललिता ने कहा कि सभी सरकारी इमारतों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि महिलाओं को परेशान करने वालों की पहचान हो सके।
वहीं पूर्व आर्मी चीफ जनरल वीके सिंह ने बलात्कारियों के लिए फांसी की सजा को भी कम बताया है। उन्होंने कहा कि बलात्कारियों को इससे भी सख्त सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने गैंगरेप और उसके बाद दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान हिंसा को सिस्टम की नाकामी बताते हुए कहा कि दिल्ली की सड़कों पर युवाओं का रोष दिख रहा है। उनका गुस्सा जायज है। उस गुस्से में बहुत सी चीजें छुपी हैं , जिन्हें पहचानने की जरूरत है। इस मामले में सत्ता और विपक्ष दोनों की कमी सामने आई।




