नई दिल्ली. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी इंडिया लि. ने घरेलू बाजार में एक करोड़वीं कार बेचने की उपलब्धि हासिल की है। मारुति के मानेसर संयंत्र से एक करोड़वीं कार बनने का श्रेय स्विफ्ट माडल को मिला। लाल रंग की यह स्विफ्ट वीएक्सआई कार गुरुवार को कोयंबटूर भेजी गई है।
मारुति सुजुकी ने दिसंबर 1983 में घरेलू बाजार में अपनी पहली कार पेश की थी और फरवरी 2006 में उसने 50 लाखवीं कार बेची थी। विगत छह वर्ष में मारुति ने और 50 लाख कारें बेचकर नया इतिहास रचा है। घरेलू बाजार में मारुति एकमात्र ऐसी कंपनी ने जिसने एक करोड़ वाहन बेचे हैं। मारुति 800 मॉडल के साथ 1983 में घरेलू कार बाजार में उतरने वाली मारुति ने इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा।
मारुति 800 और ओमनी वैन पहले दो दशकों में भारतीय बाजार पर पूरी तरह छाए रहे। मारुति का लोकप्रिय माडल ऑल्टो लगातार सात साल से सबसे अधिक बिकने वाली कार रही है और अब भी इसकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। कंपनी के वैगनआर और स्विफ्ट मॉडल ने भी भारतीय दर्शकों को अपनी ओर खूब आकर्षित किया है।
कंपनी की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए एमडी व सीईओ शिंजो नाकानिशी ने कहा कि मारुति ने हमेशा उपभोक्ताओं की पंसद को सर्वोपरि और उनके लिए नए-नए माडल लाने पर ध्यान केंद्रित रखा है।
Related Articles: