विज्ञापन
 
Home >> Politics >> National Leaders >> Rahul Gandhi >> Rahul Kept Himself Away From Ticket Distribution I

राहुल ने खुद को हिमाचल में टिकट बंटवारे से रखा दूर

Bhaskar News | Oct 09, 2012, 13:05PM IST
 
 

नई दिल्ली. पिछले कई चुनाव के खट्टे-मीठे अनुभव के बाद कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने पहली बार चुनाव में प्रत्याशियों के चयन से खुद को दूर रखा है। हिमाचल प्रदेश के लिए जारी की गई सूची में महज दो उम्मीदवार ऐसे हैं, जो राहुल गांधी की यूथ ब्रिगेड से ताल्लुक रखते हैं। पार्टी ने सूबे में पांच बार मुख्यमंत्री रहे पार्टी के वरिष्ठतम नेता वीरभद्र सिंह को फ्री हैंड दिया है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि खुद राहुल गांधी ने सूबे में अपने बुजुर्ग नेता को पूरा समर्थन देते हुए उनके नेतृत्व में ही चुनाव लडऩे का साफ संकेत दिया है। पार्टी का कहना है कि 68 उम्मीदवारों की सूची में 50 से ज्यादा उम्मीदवार वीरभद्र सिंह खेमे के हैं। पार्टी की तरफ से वीरभद्र सिंह को साफ कर दिया गया है कि वे भले ही घोषित तौर पर मुख्यमंत्री पद के दावेदार घोषित न किए गए हो, लेकिन सूबे में पार्टी उनकी अगुवाई में ही चुनाव लड़ रही है। वीरभद्र सिंह को चुनाव लडऩे के लिए भी कांग्रेस आलाकमान की ओर से ही कहा गया जिससे सूबे में सकारात्मक मैसेज जाए।


आलाकमान के दखल की वजह से ही सूबे में पूर्व मुख्यमंत्री के पार्टी के भीतर प्रतिद्वन्द्वी माने जाते रहे केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा भी इस बार टिकट वितरण में दखल देने से बचे। उन्होंने अपने समर्थकों के लिए ज्यादा टिकट नहीं मांगे। उधर, वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने ऐन मौके पर खुद को चुनाव मैदान से अलग कर लिया है। उन्होंने शुरू में कसुम्पती सीट से दावा जताया था, लेकिन वीरभद्र के शिमला ग्रामीण से खुद मैदान में उतरने के फैसले के बाद वे इस दौड़ से अलग हो गईं। इस सीट से राहुल गांधी की युवा ब्रिगेड के अनिरुद्ध सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। माना जा रहा है कि प्रतिभा सिंह मंडी की लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। राहुल गांधी के कोटे से यूथ कांग्रेस के सचिव रहे विनोद सुल्तानपुरी को भी मैदान में उतारा है।
 
 
 

आपके विचार
 
 
कोड:
7 + 1

 
Ad Link
विज्ञापन
विज्ञापन
 
 
 
 
Job Alerts
 
 

बड़ी खबरें

रोचक खबरें

विज्ञापन

बॉलीवुड

जीवन मंत्र

क्रिकेट

बिज़नेस

जोक्स

पसंदीदा खबरें

Email Print Comment
Email Print Comment