मिलेंगे 9 रियायती सिलेंडर
सरकार घरेलू उपयोग के लिए साल भर के दौरान सब्सिडी प्राप्त गैस सिलेंडरों की संख्या मौजूदा छह से बढ़ाकर नौ कर सकती है। पेट्रोलियम मंत्री एम वीरप्पा मोइली ने यहां एक समारोह के दौरान संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा, 'मैं समझता हूं कि निश्चित रूप से इस संख्या को मौजूदा छह से बढ़ाकर नौ कर दिया जाएगा। यह फैसला कैबिनेट द्वारा बेहद जल्द ले लिया जाएगा।'
उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की अधिकतम संख्या को बढ़ाने के फैसले से पडऩे वाले असर को लेकर वित्त मंत्री पी चिदंबरम के साथ उनकी बातचीत दो बार हो चुकी है। रियायती घरेलू गैस सिलेंडरों की संख्या को मौजूदा छह से बढ़ाकर नौ करने पर सरकार को सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के लिए सालाना 9 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान करना पड़ेगा।
मोइली ने कहा, 'हम इस पर काम कर रहे हैं। हम अतिरिक्त सब्सिडी की पूर्ति के लिए कुछ विशेष फॉर्मूले पर विचार कर रहे हैं।' यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार घरेलू गैस सिलेंडरों की अधिकतम संख्या को बढ़ाने के फैसले से पहले गुजरात में होने वाले चुनाव के संपन्न होने की प्रतीक्षा करेगी तो उन्होंने कहा कि नहीं। भले ही हम इसकी घोषणा इसी वक्त कर दें तो भी इसका कोई असर गुजरात के चुनाव पर नहीं पड़ेगा क्योंकि सामान्य तौर पर राज्य ऐसे फैसले से अलग रहेंगे।
गुजरात चुनाव तक लगी रोक
नई दिल्ली - केंद्र सरकार ने भले ही रियायती गैस सिलेंडरों की संख्या छह से बढ़ाकर नौ करने का मन बना लिया हो, लेकिन चुनाव आयोग ने गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले केंद्र सरकार से इस तरह का कदम न उठाने को कहा है। पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली द्वारा रियायती गैस सिलेंडरों की संख्या बढ़ाने की बात कहे जाने के तुरंत बाद चुनाव आयोग ने आपातकालीन बैठक की और इस तरह के निर्णय पर रोक लगाने का निर्देश केंद्र सरकार को दे दिया। (प्रेट्र)






