बताएं कितनी नई नौकरियां मिलीं: राहुल
अमित मिश्रा
| Oct 13, 2012, 09:46AM IST

कांग्रेस महासचिव और सांसद राहुल गांधी ने वित्त मामलों की संसद की स्थायी समिति को जीडीपी ग्रोथ रेट के साथ-साथ देश में सृजित नई नौकरियों और इसके मापदंड पर भी चर्चा करने का सुझाव दिया है। राहुल का मानना है कि इससे युवाओं को यह पता लग सकेगा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों में कितनी नौकरियां मिली हैं।
राहुल ने शुक्रवार को इस समिति की बैठक में पहली बार हिस्सा लिया। ऐसे समय जब मनमोहन सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवालिया निशान लग रहे हैं, राहुल का सदस्य के तौर पर बैठक में जाना और सरकार की नीतियों पर व्यापक चर्चा की मांग करना दर्शाता है कि कांग्रेस अपने नए 'बैट्समैन' के तौर पर उन्हें ही मैदान में उतारने की तैयारी में है। इसके साथ ही कांग्रेस महासचिव ने समिति के अध्यक्ष और भाजपा नेता यशवंत सिन्हा से समग्र विकास (इनक्लूजिव ग्रोथ) को भी बैठक के मुख्य एजेंडे में शामिल करने का आग्रह किया है। सिन्हा ने राहुल से उनके तमाम सुझावों पर विस्तृत नोट मांगा है ताकि उसे चर्चा में स्थान दिया जा सके। बैठक में राहुल ने समिति के सदस्य दीपेंद्र हुड्डा की उस मांग का भी समर्थन किया है, जिसमें खाद पर सब्सिडी हटाने की एवज में किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी मांगी थी। हुड्डा ने राज्यों को 30 से 40 प्रतिशत अतिरिक्त आर्थिक मदद मांगी थी। गौरतलब है कि इससे पहले राहुल मानव संसाधन मामलों पर संसद की स्थायी समिति के सदस्य थे। उन्हीं के सुझाव पर पाठ्यक्रमों में बदलाव पर चर्चा हुई थी।
वित्त मामलों की स्थायी समिति की बैठक में दिया सुझाव, कहा- इससे युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों की मिलेगी जानकारी
कांग्रेस-अकाली भिड़े






