गुलाब जामुन का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है और आए भी क्यों न। गुलाब जामुन का स्वाद ही कुछ ऐसा होता है। इस बार आप भी अपने दोस्तों व रिश्तेदारों को गुलाब जामुन खिलाइए और खुद भी खाईए। आइए जानते हैं आप गुलाब जामुन कैसे बना सकते हैं-
सामग्री-
250 ग्राम खोया (मावा) मसला हुआ, 75 ग्राम छेना(पनीर), 50 ग्राम मैदा, 10 ग्राम इलायची, 600 ग्राम चीनी, 250 ग्राम देसी घी ।
बनाने की विधि-
सबसे पहले खोया, छेना और मैदा को एक साथ अच्छी तरह मिलाकर नर्म आटा गूंथ लें। मिश्रण से थोड़ा आटा निकालकर उसमें पिस्ता, इलायची पाउडर, चीनी और केसर मिलाएं। अलग रख लें। फिर इससे 1-1 इंच के बराबर छोटी-छोटी गोलियां बनाएं। अब मैदा मिश्रण से मध्यम आकार की गोलियां बनाकर छोटी-छोटी गोलियां बीच में भरकर गोल करें। एक कड़ाही में घी डालकर गर्म करें और धीमी आंच पर गोलियों को सुनहरा भूरा होने तक तलें और गर्म चाशनी में डाल दें। पिस्ते से सजाकर सर्व करें।
चाशनी बनाने का तरीका-
एक बर्तन में चीनी में, 300 ग्राम पानी (चीनी की मात्रा का आधा पानी) मिलाकर आग पर चाशनी बनने के लिये रखें। चाशनी में जब उबाल आ जाए उसके बाद 4-5 मिनिट तक और पकायें । चाशनी के घोल से लेकर 1-2 बूंद प्लेट में टपकाएं। अंगूठे और अंगुली के बीच चिपका कर देख लें सिर्फ एक ही तार बने। इसे ठंडा करें और छान लें। तले गुलाब जामुन को इस चाशनी में डाल दीजिए। 8-10 घंटे में गुलाब जामुन मीठा रस सोखकर मीठे और स्वादिष्ट हो जायेंगें।
Related Articles: