नारियल पाग एक मिठाई है जो मुख्य रूप से उत्तरी भारत खास अवसरों पर बनाई जाती है। इसे बनाने में घी का उपयोग कम होता है लेकिन चीनी ढेर सारी लगती है। यदि आपको चीनी से परहेज नहीं तो नारियल पाग बना कर खाइये आपको बहुत पसन्द आयेगा।
आवश्यक सामग्री
सूखा नारियल -250 ग्राम (नारियल का चूरा 3 कप)
चीनी -400 ग्राम (2 कप)
काजू -8-10 ( एक काजू को 2 टुकड़ों में काट लें.)
दूध -1 टेबिल स्पून
पानी -150 ग्राम (3/4 कप)
विधि- सबसे पहले नारियल को कद्दूकस कर लीजिये। कढ़ाई में पानी और चीनी डाल कर गरम करने रखिये। थोड़ी-थोड़ी देर में इसे हिलाते रहें। उबाल आने के बाद चाशनी में दूध डाल दें और अब आप देखेंगे कि गन्दे से झाग एक तरफ तैर रहे हैं। इसे अलग हटा दीजिये जिससे चाशनी पारदर्शी और साफ हो जायेगी। चाशनी को अंगूठे और उंगलियों के बीच चिपकाने पर 2 तार बनने चाहिये और आप महसूस करें कि चाशनी ठंडी होने पर जम जायेगी।
इसके बाद कद्दूकस किये हुये नारियल को चाशनी में डालिए और चमचे से चलाकर मिला दीजिये। एक थाली को घी लगाकर चिकना कीजिए। नारियल और चाशनी के मिश्रण को थाली में डाल कर एक जैसा फैला दीजिये। मिश्रण के ऊपर काजू के टुकड़े डालकर दबाकर लगा दीजिये। ठंडा करने के लिये रख दीजिये। ठंडा होने पर यह पाग जम जायेगा। चाकू की सहायता से चौकोर टुकड़ों में काट लीजिये। लीजिए नारियल का पाग तैयार है।
Related Articles: