रबड़ी पूरी तरह से दूध से बनी होती है। इसका स्वाद बहुत ही उम्दा होता है। घर पर भी इसे आसानी से बनाया जा सकता है। इसकी विधि यह है-
आवश्यक सामग्री-
दूध- 1 लीटर, चीनी- 75 ग्राम (तीन टेबुल स्पून), पिस्ता कतरन, बादाम कतरन, छोटी इलाइची- 2-3 (छील कर कूट लीजिये)
विधि-
रबड़ी के लिये कढ़ाई ऊपर से अधिक चौड़ी होती है लेकिन आप अपनी सामान्य कढ़ाही में भी इसे बना सकते हैं। कढ़ाही भारी तले की होनी चाहिए। दूध को कढ़ाही में डालकर गरम करने रखिए, दूध में उबाल आने पर गैस धीमी कर दीजिये। दूध पर मलाई की हल्की परत जैसे ही आए कलछी से उठाकर, कढ़ाही के किनारे लगा दीजिये।
थोड़ी देर बाद फिर से दूध के ऊपरी सतह पर मलाई आए, इसे भी उठाइए और किनारे कर दीजिए। दूध को धीमी गैस पर उबलने दीजिये और इसमें मलाई की परत को कढ़ाही के किनारे लगाते रहिए। इसी तरह मलाई की परत जमाते जाईए। कढ़ाही के किनारे जमी मलाई की परत सूख कर खुश्क होती रहेगी। जब मलाई कढ़ाही के चारों ओर इकठ्ठी हो जाय और कढ़ाई में दूध गाड़ा होकर एक तिहाई ही बचे तो बचे दूध में चीनी और कतरे हुये पिस्ते, बादाम और इलाइची मिला दीजिए और गैस बन्द कर दीजिए।
कलछी से कढ़ाही के किनारों से मलाई खुरचकर निकालिये और उस गाड़े दूध में ही मिला दीजिये। खुरची हुई मलाई की परत को दूध में मिलाते समय अधिक मत चलाईये ताकि रबड़ी में खुरचन की गांठे पड़ी रहें। लीजिए रबड़ी हो गई तैयार। रबड़ी को किसी बर्तन में निकालिए और फ्रिज में रख कर ठंडा कीजिये, खाना खाने के बाद ठंडी-ठंडी रबड़ी फ्रिज से निकालिए, परोसिए और खाइए।
Related Articles: