
आईडीबीआई बैंक जनवरी 2010 में फॉलो ऑन पब्लिक ऑफर (एफपीओ) लाने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा बैंक अपनी विस्तार योजनाओं के तहत करीब 2,500 करोड़ रुपये अंतरराष्ट्रीय कारोबार के लिए भी जुटाने की तैयारी कर रहा है। यह राशि बैंक दिसंबर 2009 तक मिड टर्म नोट्स के जरिए जुटाएगा।
यह जानकारी आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के चेयरमैन एंड मैनेजिंग डायरेक्टर योगेश अग्रवाल ने शुक्रवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में दी।अग्रवाल ने बताया कि बैंक को अगले तीन से चार सालों में 15,000-1,6000 करोड़ रुपये की जरूरत पड़ेगी। एफपीओ के जरिए कितनी पूंजी जुटाई जाएगी, यह सरकार द्वारा विनिवेश की सीमा तय करने के बाद ही साफ होगी। इस समय बैंक में सरकार की 52.7 फीसदी हिस्सेदारी है।उन्होंने बताया कि इसके अलावा बैंक दिसंबर तक अपनी पहली विदेशी शाखा दुबई में खोलने जा रहा है। इसके जरिए बैंक अपने ग्राहकों को विदेशी मुद्रा की सुविधा प्रदान करेगा। यह शाखा कॉरपोरेट ग्राहकों के लिए होगी। बैंक विदेशी मुद्रा और उससे संबंधित जरूरतों के लिए मिड-टर्म-नोट्स के जरिए 2,500 करोड़ रुपये जुटाएगा। बैंक ने मिड-टर्म-नोट्स के लिए पिछले साल सिंगापुर की कंपनी के साथ समझौते किया था जिससे उसने 7,500 करोड़ रुपये जुटाए।
इस समय बैंक द्वारा देश भर में होम लोन के लिए मेले का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों में होम लोन की मंजूरी पाने वाले ग्राहकों को सामान्य दर से 0.25 फीसदी कम दर पर कर्ज मिलेगा। बैंक इस समय मेले में 30 लाख रुपये तक के कर्ज पर 8.5 फीसदी, 30-50 लाख रुपये तक के कर्ज पर 8.75 फीसदी, 50 लाख रुपये से ऊपर के कर्ज पर 9.0 फीसदी ब्याज ले रहा है।