BSNL to provide 3G service at 2G cost
BSNL to provide 3G service at 2G cost
Source: बिजनेस भास्कर नई दिल्ली
Published: November 07

बीएसएनएल देगी 2जी के दाम पर 3जी सेवा


सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) भी निजी कंपनियों के बाद टैरिफ वार में शामिल हो गई है। लेकिन कंपनी इस मर्तबा एक कदम आगे निकल गई है। कंपनी ने 2जी के दाम पर 3जी सेवा देने का ऐलान किया है।



3जी सेवाओं के तेजी से विस्तार के लिए बीएसएनएल ने नया प्लान जारी किया है। इस प्लान के तहत लोकल बीएसएनएल वॉयस और वीडियो कॉल सिर्फ 30 पैसे प्रति मिनट में की जा सकेगी। इसके अलावा एसटीडी वीडियो कॉल करने के लिए ग्राहकों को 50 पैसे प्रति मिनट की दर से भुगतान करना होगा। बीएसएनएल के ग्राहकों को 3जी सेवा सिर्फ 110 रुपये महीने पर मुहैया होगी। 3जी की विस्तार योजना के बारे में बीएसएनएल के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर कुलदीप गोयल ने कहा कि कंपनी ने 3जी सेवा लांच होने के आठ महीने के भीतर ही 70 हजार ग्राहक बना लिए हैं।



गोयल ने बताया कि अब बीएसएनएल की सेवा देश भर के 240 शहरों में उपलब्ध है। कंपनी मार्च 2010 तक 450 शहरों में यह सेवा मुहैया कराएगी। गोयल ने उम्मीद जताई कि अब 3जी ग्राहकों की संख्या में तेजी के साथ बढ़ोतरी होगी। बीएसएनएल ने निजी कंपनियों की तर्ज पर पे पर सेकंड स्कीम लांच की है। गोयल ने बताया कि इस नए प्लान के तहत बीएसएनएल के देश भर के ग्राहक अपने नेटवर्क पर एसटीडी और लोकल कॉल एक पैसा प्रति सेकंड के हिसाब से कर सकेंगे। दूसरे नेटवर्क पर कॉल करने के लिए ग्राहकों को 1.20 पैसा प्रति सेकंड की दर से चुकाना होगा। इसके अलावा कंपनी ने अपने ग्राहकों के लिए 49 पैसे का भी प्लान लांच किया है।



इस प्लान के तहत ग्राहक लोकल और एसटीडी कॉल 49 पैसे प्रति मिनट कर सकेंगे। इस स्कीम की मदद से कंपनी नये ग्राहकों को अपने पाले में खींचने का प्रयास करेगी और निजी कंपनियों को कड़ी टक्कर देगी। गोयल ने माना कि पे पर सेकंड प्लान के चलते कंपनी के मुनाफे पर असर पड़ेगा। इससे कंपनी का राजस्व घटेगा। बीएसएनएल ने मीटिंग जंक्शन के नाम से ऑडियो और पीसी कॉन्फ्रेंसिंग सेवा लांच की है। इस सेवा की मदद से 15 लोग एक समय पर कॉन्फ्रेंसिंग कर सकते हैं। ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग सेवा को सभी नेटवर्क के लैंडलाइन और मोबाइल उपभोक्ता इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं पीसी कॉन्फ्रेंसिंग के लिए ग्राहकों को ब्रॉडबैंड या इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत होगी। इस सेवा के लिए ग्राहकों को सालाना रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी। ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए ग्राहक 1,000 रुपये में 300 मिनट का टॉक टाइम पाएंगे। वहीं, ऑडियो और पीसी कॉन्फ्रेंसिंग के लिए ग्राहकों को 1,000 रुपये के अलावा अतिरिक्त 60 मिनट के लिए 200 रुपये देने होंगे।




Have Your Say

Your Say
Your Name
Email
Code