
क्आलालंपुर. देश की दूसरी सबसे बड़ी सरकारी रिफाइनिंग कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉपरेरेशन (बीपीसीएल) चालू वित्त वर्ष में तेल की खोज व उत्पादन के क्षेत्र में २0 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी। बीपीसीएल के सीएमडी अशोक सिन्हा ने बताया कि कंपनी अगले एक वर्ष में कई जगह तेल के लिए खुदाई शुरू करेगी। कंपनी ऑयल एंड नेचुरल गैस कमीशन (ओएनजीसी), ऑयल इंडिया व गुजरात स्टेट पेट्रोलियम कॉपरेरेशन (जीएसपीसी) के साथ विदेश में तेल उत्पादन की दिशा में तेजी से प्रयास कर रही है, ताकि घरेलू जरूरतों को पूरा किया जा सके।
अंडर रिकवरी कम करने की कवायद : बीपीसीएल ने रिफाइनिंग व मार्केटिंग से होने वाली अंडर रिकवरी (लागत से कम आमदनी) कम करने के लिए भारत पेट्रो रिसोर्सेज की स्थापना की है। यह कंपनी तेल के स्रोत खोजने का कार्य करती है।
भारत व चीन आगे : एशिया में भारत व चीन की तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल उत्पादन से संबंधित परिसंपत्तियों पर अधिकार प्राप्त करने के लिए तेजी से प्रयासरत हैं। उनका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा ऊर्जा के स्रोतों पर अधिकार जमाकर अपने-अपने देशों की जरूरतों को पूरा करना है।